रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

ब्लैकमेलिंग केस की जांच रिपोर्ट ने बढ़ायी हलचल
होटल कारोबारी द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद दंतेवाड़ा की महिला DSP पर जांच रिपोर्ट तैयार कर गृह मंत्रालय को भेजी गई है। रिपोर्ट में करोड़ों की वसूली और संवेदनशील पुलिस सूचनाएं साझा करने जैसे दावे किए गए है!!
DSP पर गंभीर आरोप: रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और खुफिया जानकारी लीक का मामला गृह विभाग पहुंचा

रायगढ़।छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे से जुड़े हाई-प्रोफाइल ब्लैकमेलिंग केस में बड़ा खुलासा हुआ है। डीएसपी कल्पना वर्मा के खिलाफ जो जांच रिपोर्ट सरकार को भेजी गयी है, उसमें ये बातें भी लिखी गयी है कि डीएसपी ने नक्सल इलाकों में पोस्टिंग के दौरान कई खुफिया जानकारी भी लीक की है। इस खुलासे ने प्रशासनिक और सुरक्षा स्तर पर हलचल मचा दी है। रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा में पदस्थ महिला DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वत लेने, ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए थे।

दरअसल कारोबारी के आरोपों के बाद DSP के परिजनों ने भी पुलिस में अलग से शिकायत दर्ज कराई, जिसके चलते यह मामला और जटिल हो गया। दोनों पक्षों की शिकायतों को देखते हुए पुलिस विभाग ने ASP तारकेश्वर पटेल के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया। इस टीम ने करीब 30 दिनों तक विस्तृत जांच की और अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच से संबंधित करीब 1,400 पन्नों की फाइल अब गृह मंत्रालय को भेज दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रिपोर्ट में कई गंभीर और चौंकाने वाले तथ्य सामने आने का दावा किया जा रहा है।जांच रिपोर्ट के अनुसार, महिला DSP ने कथित तौर पर कारोबारी से न केवल बड़ी रकम और महंगे गिफ्ट लिए, बल्कि वॉट्सऐप चैट के माध्यम से नक्सल प्रभावित इलाकों से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां भी साझा कीं।
इन चैट्स में नक्सली गतिविधियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और ऑपरेशनल इनपुट शामिल होने की बात कही जा रही है। इतना ही नहीं, वॉट्सऐप बातचीत में तीन आईपीएस अधिकारियों के नाम सामने आने का भी दावा किया गया है।सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खुफिया जानकारियां लीक हुई हैं, तो यह राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए बेहद गंभीर मामला है। ऐसे मामलों को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर देखा जाता है और इस पहलू को लेकर उच्च स्तर पर रिपोर्ट तलब की गई थी, जिसे गोपनीय रखा गया है।
वहीं, DSP कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा है कि होटल कारोबारी दीपक टंडन पर उनके पिता का करीब 42 लाख रुपये से अधिक बकाया है। इसी राशि के भुगतान के एवज में टंडन ने उनके पिता को तीन चेक दिए थे। DSP का दावा है कि इसी लेन-देन को गलत तरीके से पेश कर उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है।
दूसरी ओर, कारोबारी दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2021 से महिला DSP ने कथित तौर पर ‘लव ट्रैप’ के जरिए उनसे करीब 2.5 करोड़ रुपये की वसूली की। आरोपों में लगभग 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने और अन्य महंगे उपहार शामिल बताए गए हैं। कारोबारी का यह भी कहना है कि शिकायत के बावजूद कार और ज्वेलरी अब तक उन्हें वापस नहीं की गई है।
जांच के दौरान यह आरोप भी सामने आया है कि DSP ने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने कारोबारी से पैसे लिए। इस बिंदु पर अलग से जांच की मांग की जा रही है। रिपोर्ट में बैंक ट्रांजैक्शन, संपत्ति दस्तावेज और वित्तीय लेन-देन का विस्तृत विश्लेषण शामिल है।DSP कल्पना वर्मा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा, बेबुनियाद और साजिश करार देते हुए कहा है कि वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग कर रही हैं और सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पूरा मामला गृह मंत्रालय के पास विचाराधीन है और उसके निर्देश के बाद ही यह तय होगा कि आगे विभागीय या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
