रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~ 98279-50350
रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित जेएसडब्ल्यू कंपनी एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह बेहद गंभीर और चौंकाने वाली है। कंपनी के गर्ल्स हॉस्टल में कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर की लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिलने से पूरे प्लांट परिसर में सनसनी फैल गई।
घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है।मृतका की पहचान खुशबू चौबे, निवासी जमशेदपुर (झारखंड) के रूप में हुई है। खुशबू जेएसडब्ल्यू कंपनी के एसएमएस विभाग में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ थीं और कंपनी परिसर में बने गर्ल्स हॉस्टल में रह रही थीं।
गुरुवार की शाम जब हॉस्टल में रहने वाली अन्य युवतियों ने काफी देर तक खुशबू को बाहर न आते देखा, तो उन्होंने उनके कमरे में जाकर झांका। अंदर का नज़ारा देखकर सभी सन्न रह गए—खुशबू की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। आनन-फानन में इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन और भूपदेवपुर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन मौत की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि खुशबू चौबे ने यह कदम किस दबाव या मानसिक तनाव में उठाया, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने हॉस्टल में रहने वाली अन्य युवतियों, सुरक्षा कर्मियों और कंपनी के कुछ अधिकारियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
इधर,मृतका के परिजनों को पुलिस द्वारा बीती देर शाम सूचना दे दी गई है, जिनके आज रायगढ़ पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल/डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।

इस घटना के बाद से जेएसडब्ल्यू प्रबंधन की कार्यसंस्कृति, कर्मचारियों पर दबाव और हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
