रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।जिले में रोड टैक्स चोरी और फर्जी नंबर प्लेट के जरिए अवैध परिवहन के एक बड़े मामले का पर्दाफाश हुआ है। खरसिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक मालिक एवं ट्रांसपोर्टर कपिल शर्मा उर्फ राजा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।मामले का खुलासा उस समय हुआ जब खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि सुमित्रा राइस मिल परिसर में खड़ा एक ट्रक संदिग्ध नंबर प्लेट के साथ धान परिवहन में लगा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रक क्रमांक CG 13 AW 3051 की जांच की।

जांच के दौरान ट्रक चालक ओमप्रकाश कौशिक से पूछताछ की गई, जिसमें सामने आया कि ट्रक का वास्तविक स्वामी कपिल शर्मा उर्फ राजा है। वाहन मालिक को तलब कर पूछताछ करने पर उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने वर्ष 2021 में ट्रक क्रमांक CG 11 AB 3370 को ग्राम शिवरीनारायण निवासी शेख फनी से खरीदा था, जिस पर वर्ष 2019 से रोड टैक्स बकाया था।रोड टैक्स की भारी राशि से बचने के लिए आरोपी ने अपने ट्रक की नंबर प्लेट बदल दी और एक अन्य वाहन CG 13 AW 3051 का पंजीयन नंबर लगाकर धान परिवहन का कार्य शुरू कर दिया।

इस फर्जीवाड़े के जरिए आरोपी लंबे समय से शासन को राजस्व क्षति पहुंचा रहा था।
पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी द्वारा जानबूझकर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर परिवहन किया जा रहा था, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। मामले में थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 57/2026 दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई उमाशंकर धृतांत तथा पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि राजस्व चोरी, फर्जी नंबर प्लेट और अवैध परिवहन में लिप्त तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई उमाशंकर धृतांत तथा पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही!!
