रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़, 20 सितंबर। नगर के प्रतिष्ठित नागरिक, सेवानिवृत्त शासकीय व्याख्याता एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक श्री बाबूलाल अग्रवाल ‘बापोडिया’ का आज सुबह करीब 5 बजे निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से रायगढ़ के सामाजिक, धार्मिक एवं शिक्षा जगत में शोक की लहर है।
श्री बाबूलाल अग्रवाल लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े रहे और शासकीय व्याख्याता के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद भी वे सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। वे आर.एस.एस. के वरिष्ठ स्वयंसेवक होने के साथ-साथ गोगा मंदिर, रायगढ़ के संरक्षक भी थे। अपने सरल व्यवहार, सामाजिक जुड़ाव और धार्मिक गतिविधियों के प्रति समर्पण के कारण उन्होंने नगर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
वे नगर की प्रतिष्ठित फर्म अम्बे पशु आहार के संचालक अजय अग्रवाल एवं अरुण अग्रवाल के पिताजी थे। वहीं पूर्व सभापति, वर्तमान पार्षद एवं एम.आई.सी. सदस्य सुरेश गोयल के चाचाजी थे। उनके निधन से परिवार, परिचितों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त है।
परिजनों के अनुसार, श्री बाबूलाल अग्रवाल की अंतिम यात्रा आज दोपहर 3 बजे छातामुड़ा बायपास रोड स्थित टाटा शो रूम के बगल, अम्बे पशु आहार परिसर के समीप स्थित उनके निवास से निकलेगी। अंतिम यात्रा कायाघाट मुक्तिधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उनके निधन से परिवार ने एक वरिष्ठ मार्गदर्शक और नगर ने एक अनुभवी, सामाजिक एवं धार्मिक रूप से सक्रिय व्यक्तित्व खो दिया है। अंतिम यात्रा में परिजनों, मित्रों, सामाजिक संगठनों एवं नगरवासियों के शामिल होने की संभावना है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
