
रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।घरघोड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 8 में मंगलवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान के कमरे में 20 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश मिली। मृतक की पहचान अभिषेक विश्वकर्मा (20 वर्ष), पिता धनीराम विश्वकर्मा, निवासी वार्ड नंबर 8, घरघोड़ा के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अभिषेक रात का खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। कुछ समय बाद कमरे के अंदर से किसी भारी वस्तु के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी।

जब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार मोबाइल फोन पर कॉल करने के बावजूद भी संपर्क नहीं हो सका।
अनहोनी की आशंका पर परिजनों ने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा, जहां अभिषेक फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना घरघोड़ा थाना को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू की। घटनास्थल से एक धारदार हथियार (कत्ता) भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या या किसी अन्य कारण को लेकर पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रात में ही उच्च पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है, ताकि खून के निशान, हथियार और अन्य साक्ष्यों का सूक्ष्म परीक्षण किया जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स, पारिवारिक स्थिति व अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इलाके में युवक की रहस्यमयी मौत को लेकर दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब पूरे मामले से पर्दा पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही उठ पाएगा।