रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।जिले में पुलिस व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को जूटमिल क्षेत्र में नवनिर्मित थाना भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान कलेक्टोरेट परिसर में “स्मार्ट पंजीयन कार्यालय” का भी शुभारंभ किया गया।

विधि-विधान के साथ हुआ उद्घाटन
लोकार्पण कार्यक्रम में मंत्री ओपी चौधरी ने फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया। इसके बाद पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। अतिथियों ने थाना भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया।

चौकी से थाना बनने तक का सफर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जूटमिल क्षेत्र पहले पुलिस सहायता केंद्र था, जिसे वर्ष 2005 में चौकी और 2023 में थाना का दर्जा दिया गया।
राज्य सरकार के 2024-25 बजट में 20 नए थाना भवनों की स्वीकृति दी गई थी, जिसमें जूटमिल थाना भी शामिल है। निर्माण कार्य पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा कराया गया है।

आधुनिक भवन से पुलिसिंग होगी मजबूत
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि मंत्री की पहल से कम समय में उच्च गुणवत्ता वाला भवन तैयार हुआ है, जिससे पुलिसिंग में तेजी आएगी और अपराध नियंत्रण में मजबूती मिलेगी।
जल्द मिलेगा नया एसपी ऑफिस, स्टाफ क्वार्टर भी स्वीकृत
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि पुलिसिंग एक चुनौतीपूर्ण कार्य है और नए भवन की जरूरत लंबे समय से थी। उन्होंने बताया कि कलेक्टोरेट के पास नया एसपी कार्यालय जल्द तैयार होगा। साथ ही पुलिस कर्मियों के लिए स्टाफ क्वार्टर की प्रक्रिया भी जारी है।
उन्होंने पुलिस कॉलोनी के विकास के लिए विधायक निधि से राशि देने की घोषणा भी की।

जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार ने पुलिस विभाग को शुभकामनाएं देते हुए विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद!!
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान,भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, सीएसपी मयंक मिश्रा, एसडीएम महेश शर्मा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उत्तम प्रताप सिंह सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में आभार
कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने सभी अतिथियों, मीडिया कर्मियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

जूटमिल थाना के नए भवन के लोकार्पण से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह थाना आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।
