रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई गई शॉर्ट फिल्म “खौफ- द डिजिटल वार” की सराहना की है। उन्होंने इस फिल्म को अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा करते हुए आम नागरिकों से डिजिटल ठगी के मामलों में सतर्क रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि फिल्म में “डिजिटल अरेस्ट” जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जो वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने इसे जनजागरूकता की दिशा में एक सराहनीय और समयानुकूल पहल बताया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय छत्तीसगढ़ के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से भी इस फिल्म को साझा किया गया। इसके माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने और सतर्कता बरतने का संदेश दिया गया।
इस पहल पर रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह प्रोत्साहन पुलिस विभाग को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय हमेशा नवाचार और जनहित के कार्यों को बढ़ावा देते रहे हैं, जिससे पूरी टीम में उत्साह का माहौल है।
एसएसपी श्री सिंह ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा फिल्म को सोशल मीडिया पर साझा किया जाना जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इससे अधिक से अधिक लोग साइबर ठगी के प्रति सचेत हो सकेंगे।
गौरतलब है कि रायगढ़ पुलिस द्वारा इस फिल्म को यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक रूप से प्रसारित किया जा रहा है। साथ ही, इसे जिले के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में निःशुल्क प्रदर्शित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। हाल ही में घरघोड़ा स्थित एके सिनेमा में फिल्म का मुफ्त प्रदर्शन किया गया, जिसे लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिला।
इसके अलावा, पुलिस द्वारा आयोजित विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों में भी इस फिल्म का प्रदर्शन कर आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
इस शॉर्ट फिल्म का मुख्य उद्देश्य आमजन को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों के प्रति सचेत करना है, ताकि लोग समय रहते सावधानी बरत सकें और किसी भी प्रकार की ठगी का शिकार होने से बच सकें।
