रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।जिले के एनटीपीसी लारा परिसर में 11 अप्रैल को “एनर्जी कप 2026” अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हर्षोल्लास और खेल भावना के साथ किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य वॉलीबॉल संघ एवं जिला वॉलीबॉल संघ, रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, जबकि इसका मुख्य प्रायोजन एनटीपीसी लारा द्वारा किया गया है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में केशव चंद्र सिंघा रॉय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से जाकिर खान (HoHR) एवं प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती रेखा ठाकुर सहित अन्य गणमान्य सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में हरियाणा स्पाइकर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम को पराजित किया। इस रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों को शुरुआत से ही बांधे रखा और टूर्नामेंट के उच्च स्तर का संकेत दिया।
इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

जिनमें जबलपुर रेलवे, प्रयागराज, एनटीपीसी लारा रायगढ़, रायपुर, हरियाणा स्पाइकर, भुवनेश्वर, गुजरात तथा छत्तीसगढ़ पुलिस की टीमें शामिल हैं। सभी टीमें देश के विभिन्न हिस्सों से आई हैं और अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं।

दो दिवसीय इस प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा, वहीं दर्शकों को भी रोमांचक और उच्च स्तरीय खेल का आनंद उठाने का अवसर मिलेगा। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं, जिससे यह खेल आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
