रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोड़ा तराई में अनुसूचित जाति वर्ग के एक ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक,गांव के ही निवासी सतीश चौधरी ने पीड़ित की जाति जानते हुए जानबूझकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। आरोप है कि आरोपी ने दबंगई दिखाते हुए पीड़ित के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।

घटना के दौरान जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में दबंगई करता आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार आक्रामक रहा है और वह लोगों को भयभीत करता है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में पेट्रोल पंप डकैती के एक मामले में करीब चार साल की सजा काट चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, वह आए दिन विवाद और मारपीट जैसी घटनाओं में शामिल रहता है तथा अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक की धौंस दिखाकर लोगों को डराने का प्रयास करता है।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
