रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।श्री स्वामिनारायण गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल के लिए इस वर्ष का शैक्षणिक सत्र गर्व और उपलब्धि लेकर आया है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Central Board of Secondary Education) द्वारा घोषित वर्ष 2026 के कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
विद्यालय का कुल औसत परीक्षा परिणाम 90.04 प्रतिशत रहा, जो शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है। खास बात यह रही कि इस वर्ष स्कूल का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, यानी सभी विद्यार्थी सफल घोषित हुए।
इस सत्र में विद्यालय की मेधावी छात्रा शिबाश्री प्रधान ने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया और स्कूल का नाम गौरवान्वित किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से पूज्यपाद मुक्तवलभदासजी स्वामी एवं प्राचार्य बी. नागाराजा नायक ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के सतत प्रयास, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, NTPC Lara प्रबंधन ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी है और भविष्य में भी बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई है।
विद्यालय प्रबंधन ने इसे निरंतर परिश्रम, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रतिफल बताते हुए आने वाले वर्षों में भी उत्कृष्टता की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
