
रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में रायगढ़ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में मामला एक लड़की को लेकर उपजे विवाद से जुड़ा सामने आया है।
आरोपियों ने किशोर से पहले विवाद किया, उसका मोबाइल अपने पास रख लिया और ₹1000 देने की मांग की। विवाद बढ़ने के बाद दोनों आरोपियों ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
किशोर का शव पुराने बस डिपो के पास रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में मिला था। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
चक्रधर समारोह देखने निकला था किशोर
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता मूल रूप से लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम घटगांव के निवासी हैं और पिछले करीब चार वर्षों से रामभांठा में रह रहे हैं। 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे उनका 16 वर्षीय पुत्र चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।
अगली सुबह पुराने बस डिपो के पास खाली प्लॉट में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। सिर पर गंभीर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
आखिरी बार साथ देखे गए युवकों से शुरू हुई पूछताछ
हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तत्काल संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ के साथ मृतक के संपर्क में रहे लोगों और उसे आखिरी बार किन युवकों के साथ देखा गया था, इसकी जानकारी जुटाई।
इसी दौरान पुलिस को मृतक के साथ 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी के होने की जानकारी मिली। दोनों को पुलिस ने हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। प्रारंभ में दोनों ने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ाने पर दोनों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।
लड़की को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 14 सितंबर को दोनों रामलीला मैदान में आयोजित चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां उन्होंने एक परिचित लड़की के साथ किशोर को देखा। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवम बानी उक्त लड़की के प्रति एकतरफा लगाव रखता था।
लड़की के साथ किशोर को देखकर शिवम बानी ने उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया। इसके बाद आरोपी शिवम बरेठ ने किशोर का मोबाइल अपने पास रख लिया और मोबाइल वापस करने के लिए ₹1000 देने की बात कही।
इसके बाद दोनों आरोपी किशोर को उसके मोबाइल के साथ पुराने बस डिपो की ओर ले गए। वहां दोनों ने उसे उक्त लड़की से बातचीत अथवा मिलने-जुलने को लेकर डराया-धमकाया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने पत्थर से किशोर के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
मोबाइल और रक्तरंजित कपड़े बरामद
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही और मेमोरेडम के आधार पर महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी शिवम बरेठ के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए रक्तरंजित कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन भी कराया, ताकि घटनाक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों और साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा सके।
आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शिवम बरेठ की प्रवृत्ति पूर्व में भी आपराधिक मामलों में रही है और उसके खिलाफ थाना कोतवाली में मारपीट से संबंधित अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों को हत्या के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिया सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने और हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई सख्त और प्रभावी रहेगी। उन्होंने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में त्वरित विवेचना, वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा डीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एसआई ऐनु कुमार देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी….
1. शिवम बरेठ, पिता दिनेश बरेठ, उम्र 20 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, रायगढ़।
2. शिवम बानी, पिता संतराम बानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी बैकुंठपुर, महावीर चौक, रायगढ़।
