रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

दिवाली से पहले युवाओं को बड़ी सौगात, सहायक ग्रेड-3 के सर्वाधिक 1,206 पदों पर होगी नियुक्ति; पहली बार कर्मचारी चयन मंडल आयोजित करेगा लिखित परीक्षा

रायपुर।छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में कुल 1,703 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न संवर्गों के लिए भर्ती अधिसूचना जारी कर दी है। खास बात यह है कि इन पदों के लिए कर्मचारी चयन मंडल पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित करने जा रहा है।

सरकार के इस फैसले से लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। दिवाली से पहले आई इस भर्ती की घोषणा को प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। भर्ती में सबसे अधिक पद सहायक ग्रेड-3 के रखे गए हैं। इसके अलावा पुलिस विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों में लिपिकीय, स्टेनोग्राफर और डाटा एंट्री से जुड़े पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

10 संवर्गों में होगी 1,703 पदों पर भर्ती
जारी अधिसूचना के अनुसार सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद, सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30 पद, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34 पद, स्टेनो टाइपिस्ट के 23 पद, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25 पद, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13 पद, पंजीयक लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पद शामिल हैं।

5 नवंबर से आवेदन शुरू,27 नवंबर अंतिम तारीख
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक सुधार का अवसर दिया जाएगा।

10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा
भर्ती परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी गई है। लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

स्थानीय युवाओं को परीक्षा शुल्क वापसी की सुविधा
इस भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा भी दी गई है। परीक्षा में उपस्थित होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे आवेदन के दौरान शुल्क का भुगतान किया गया है।

आवेदन से पहले जरूर देखें आधिकारिक अधिसूचना
भर्ती की योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, पाठ्यक्रम और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट: https://cgssb.cgstate.gov.in

