रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

दिनदहाड़े पर्यटन स्थल पर युवती के साथ गंभीर वारदात का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित वसूली की भी जांच; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
रायगढ़/खरसिया। जिले के खरसिया क्षेत्र अंतर्गत बोतल्दा स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अटल रॉक गार्डन में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कथित घटना 14 नवंबर को शाम लगभग 4 बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पर्यटन स्थल पर युवती के साथ कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और देर रात कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद 15 नवंबर को पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम पीड़िता को साथ लेकर घटनास्थल पहुंची और मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। आरोप है कि युवती के साथ कथित दुष्कर्म के बाद फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई तथा इसी दबाव में उससे कथित तौर पर पैसों की वसूली भी की गई। हालांकि, इस आरोप की वास्तविकता और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने और पुलिस के आधिकारिक बयान के बाद ही इन आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में कुल कितने लोग शामिल थे, अन्य संदिग्धों की भूमिका क्या थी और कथित फोटो-वीडियो तथा वसूली के मामले में किन लोगों की संलिप्तता है।

अटल रॉक गार्डन खरसिया क्षेत्र का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है तथा वन विभाग की ओर से सुरक्षा गार्ड और अधिकारियों की तैनाती भी बताई जाती है। ऐसे में दिनदहाड़े एक युवती के साथ इतनी गंभीर घटना सामने आने से पर्यटन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पर्यटन स्थल पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती है, तो कथित वारदात कैसे हुई? क्या पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं? क्या संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा होती है?

पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
यह घटना केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल भी खड़ा करती है। स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चिंता का माहौल है। अब लोगों की निगाहें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। उम्मीद है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








