कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
रायगढ़। शहरवासियों को बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने निर्माण कार्यों में तेजी ला दी है। शहर के तीन प्रमुख नालों का निर्माण आगामी 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन नालों से शहर के करीब 30 प्रतिशत हिस्से का वर्षा जल निकास होता है। ऐसे में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बारिश के पानी की निकासी अधिक सुगम और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के निर्देशन में चल रहे इन विकास कार्यों का गुरुवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सड़क और नाली निर्माण की प्रगति देखी तथा संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर निगम कार्यालय और अस्पताल के बीच बनेगी 6 मीटर चौड़ी सड़क
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और निगम आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय तथा अस्पताल के बीच से गुजरने वाले मार्ग का जायजा लिया। यहां तत्काल 6 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण शुरू कर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
गद्दी चौक से अग्रसेन चौक तक नाली निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
इसके बाद अधिकारियों ने गद्दी चौक से नगर निगम कार्यालय होते हुए अग्रसेन चौक तक बाईं ओर प्रस्तावित नाली निर्माण का निरीक्षण किया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
नाली बनने से सड़क की चौड़ाई में होगी 2 मीटर की बढ़ोतरी
पुराने आरपीएफ पोस्ट से शनि मंदिर मोड़ तक निर्माणाधीन नाली का भी निरीक्षण किया गया। इस नाली के निर्माण से संबंधित मार्ग की चौड़ाई में लगभग 2 मीटर की वृद्धि होगी। इससे सड़क पर आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगा।
30 प्रतिशत शहर के पानी की निकासी का रास्ता होगा साफ
शहर की जल निकासी व्यवस्था के लिहाज से तीनों नाली निर्माण कार्य बेहद महत्वपूर्ण हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सभी कार्यों को आगामी 20 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इन नालों के माध्यम से शहर के लगभग 30 प्रतिशत हिस्से का बारिश का पानी बाहर निकलता है। निर्माण पूरा होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही नाली निर्माण पूरा होने के बाद ड्रेन-टू-ड्रेन बीटी सड़क निर्माण का रास्ता भी साफ होगा। इससे शहर की सड़क व्यवस्था और जल निकासी दोनों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, कार्यपालन अभियंता अमरेश लोहिया, उप अभियंता सौरभ आलोक साहू, मुन्ना ओझा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
