सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से बढ़ा आक्रोश, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने बीएनएस की कड़ी धाराओं में कार्रवाई की उठाई मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। मधुबाला गिरी नामक महिला के वायरल वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने कड़ा विरोध जताया है। सोसायटी ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर संबंधित महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक कड़ी धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने ज्ञापन में बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छत्तीसगढ़िया समाज के लिए कथित तौर पर ‘जाहिल-गंवार’ और ‘अनपढ़’ जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा वीडियो में ‘छह नंबर की चप्पल का निशान गाल पर पड़ेगा’ और ‘सामने आने पर पैंट गीली हो जाएगी’ जैसी धमकी भरी टिप्पणियां भी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
समाज के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचने का आरोप
सिविल सोसायटी का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से पूरे छत्तीसगढ़िया समाज के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। संगठन ने आरोप लगाया कि वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने से विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य और कटुता बढ़ने की आशंका है।
लोक शांति और कानून-व्यवस्था को लेकर जताई चिंता
ज्ञापन में राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में लोक शांति भंग होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। संगठन ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो में की गई कथित टिप्पणियों की जांच कराने और कानून के अनुरूप उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने स्पष्ट किया है कि समाज के सम्मान और सामाजिक सौहार्द से जुड़े इस मामले में प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।