रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का आरोप, अस्पताल में भर्ती; भाई ने थाने में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा मांगी
रायगढ़/घरघोड़ा। घरघोड़ा में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर लगे गंभीर आरोपों ने स्थानीय स्तर पर हलचल मचा दी है। एक युवक के साथ कथित मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दिए जाने की शिकायत सामने आई है। मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब कथित प्रताड़ना से परेशान युवक मोनू खान द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं पीड़ित के भाई ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

नगर पंचायत उपाध्यक्ष पर मारपीट और धमकी देने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 2 घरघोड़ा निवासी मुजाहिर खान ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर अपने छोटे भाई मोनू खान के साथ कथित तौर पर की गई मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत की है। शिकायत में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर लगातार परेशान करने, दबाव बनाने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके भाई को लंबे समय से कथित रूप से परेशान किया जा रहा था। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के कारण मोनू खान तनाव में रहने लगा था। परिवार के मुताबिक, इसी परिस्थितियों से परेशान होकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
युवक के जहर सेवन से परिवार में मचा हड़कंप
युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए आशंका जताई है कि यदि कथित धमकी और दबाव का सिलसिला नहीं रुका तो भविष्य में कोई और अप्रिय घटना हो सकती है!

सामान्य विवाद मानकर नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि युवक के जहर सेवन के पीछे की परिस्थितियों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जाए।
पुलिस से निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग
पीड़ित के भाई मुजाहिर खान ने थाना प्रभारी को सौंपे आवेदन में कई मांगें रखी हैं। इनमें शिकायत में नामजद व्यक्ति के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच, उचित कानूनी कार्रवाई, परिवार को किसी भी तरह के दबाव और धमकी से सुरक्षा तथा अस्पताल में भर्ती मोनू खान का बयान दर्ज कर वास्तविक घटनाक्रम सामने लाने की मांग शामिल है।

शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दिए जाने के मामले की जांच हो और परिवार को न्याय दिलाया जाए।
अस्पताल पहुंचकर तहसीलदार ने लिया युवक का बयान
घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार घरघोड़ा हिमांशु सिंह द्वारा अस्पताल पहुंचकर भर्ती युवक का बयान लिए जाने की जानकारी सामने आई है। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और तहसीलदार का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। ऐसे में बयान में सामने आए तथ्यों की आधिकारिक जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

अब पुलिस जांच और दूसरे पक्ष के जवाब पर टिकी निगाहें
फिलहाल इस पूरे मामले में शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस की जांच, अस्पताल में भर्ती युवक के बयान और दूसरे पक्ष का जवाब सामने आने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस घटना ने घरघोड़ा में जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। नगर पंचायत उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति पर इस तरह के गंभीर आरोप लगना निश्चित रूप से चर्चा का विषय है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर युवक के जहर सेवन के पीछे की वास्तविक वजह क्या है? क्या शिकायत में लगाए गए आरोप जांच में सही साबित होंगे? फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच और आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

