भगवान बिरसा मुंडा के नाम के उच्चारण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने घेरा, शराब, कोयला और भर्ती घोटालों के आरोपों के साथ प्रधानमंत्री आवास का मुद्दा भी उठाया
रायगढ़। भगवान बिरसा मुंडा के नाम के उच्चारण को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा वित्त मंत्री ओपी चौधरी पर की गई टिप्पणी ने छत्तीसगढ़ की सियासत में जुबानी जंग तेज कर दी है। भूपेश बघेल की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जुबान तो एक बार गलती से फिसलती है, लेकिन भूपेश बघेल के शासनकाल में पांच साल तक पाप होता रहा। उस समय उनकी आत्मा क्यों नहीं कांपी?
घोटालों के आरोपों को लेकर पूर्ववर्ती सरकार पर साधा निशाना
अरुण धर दीवान ने कहा कि भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि जब मन में पाप होता है, तो जुबान फिसल ही जाती है। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दीवान ने शराब घोटाले, कोयला घोटाले और शिक्षा भर्ती में अनियमितताओं के आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में इन मामलों को लेकर आरोप लगे, तब भूपेश बघेल की आत्मा क्यों नहीं कांपी?
उन्होंने गरीब परिवारों के प्रधानमंत्री आवास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गरीबों को पक्के मकान से वंचित रखा गया। उस समय गरीबों की तकलीफ और उनकी छत की चिंता क्यों नहीं की गई?
ओपी चौधरी के खिलाफ कार्रवाई का भी उठाया मुद्दा
भाजपा जिलाध्यक्ष ने विपक्ष में रहते हुए ओपी चौधरी द्वारा कोल माफियाओं की कथित गतिविधियों को उजागर करने का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कोल माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय वीडियो वायरल करने के मामले में ओपी चौधरी के खिलाफ ही प्रकरण दर्ज किया गया था। दीवान ने सवाल किया कि उस समय भूपेश बघेल की आत्मा क्यों नहीं कांपी?
जनजातीय गौरव दिवस को लेकर भी दिया जवाब
अरुण धर दीवान ने कहा कि एक छोटी-सी जुबानी चूक को लेकर भूपेश बघेल भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में देशभर में मनाने की पहल केंद्र सरकार ने की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज से राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री बनाए जाने जैसे कदम भी इसी सम्मान और भागीदारी की भावना को दर्शाते हैं।
जनता ने कांग्रेस को सत्ता से किया बेदखल
अपने बयान के अंत में अरुण धर दीवान ने कहा कि असली पाप तो तब था, जब प्रदेश में घोटालों के आरोप लग रहे थे और गरीबों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा था। जुबान तो एक बार फिसली है, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस की सरकार को सत्ता से बेदखल कर अपना फैसला सुना दिया है।