संबलपुर से गांजा लेकर पुणे जा रहे थे तस्कर, रास्ते का खर्च निकालने के लिए रायगढ़ में ही बेचने की थी तैयारी; दो अलग-अलग कार्रवाई में 5.82 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में महाराष्ट्र के पुणे निवासी चार युवकों और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 25.175 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख 82 हजार रुपये आंकी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर ट्रेन के जरिए रायगढ़ पहुंचे थे। उनका अगला ठिकाना पुणे था, लेकिन रास्ते के खर्च की व्यवस्था करने के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर ही गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
शिव मंदिर के पास तीन युवकों के बैग से मिला 20.434 किलो गांजा
पहली कार्रवाई 20 नवंबर को की गई। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे तीन युवक बैग और ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बैठे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान अमोल बबन धोत्रे (29 वर्ष), सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18 वर्ष) और शुभम नंदू गुंजाल (23 वर्ष), सभी निवासी जिला पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 20 पैकेट में रखा 20.434 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आईफोन, रेडमी और ओप्पो कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है।
मोटरसाइकिल स्टैंड के पास नाबालिग समेत दो पकड़े गए
दूसरी कार्रवाई रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बैग में गांजा लेकर वाहन का इंतजार कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इनमें इम्तियाज रफिक ईनामदार (21 वर्ष), निवासी चाकन मानिक चौक, जिला पुणे और 16 वर्ष 2 माह का एक अपचारी बालक शामिल था।
इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 92 हजार रुपये है। इसके साथ एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में दोनों ने भी संबलपुर से गांजा खरीदकर पुणे ले जाने की बात स्वीकार की।
दो मामले दर्ज, सभी आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 25.175 किलोग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। चार वयस्क आरोपियों और एक अपचारी बालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध क्रमांक 582/2026 और 583/2026 दर्ज किए गए हैं। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दी सख्त चेतावनी
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में आरपीएफ रायगढ़ का भी विशेष सहयोग मिला।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।