रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
खरसिया।जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नवापारा स्थित एक पेट्रोल पंप पर रविवार दोपहर करीब 3 बजे 2 लाख 18 हजार रुपये की शातिर चोरी का मामला सामने आया है। यह पेट्रोल पंप बीजेपी जिला पंचायत अध्यक्ष के पति रविन्द्र गबेल द्वारा संचालित बताया जा रहा है।

पंप संचालक के अनुसार, स्कूटी सवार एक अज्ञात आरोपी ने चालाकी से कर्मचारी को काउंटर से दूर भेजकर दराज में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कर्मचारी राजेश साहू को यह कहकर बहकाया कि उसने रात में फोन-पे से पैसे भेजे थे और उन्हें वापस लेना है। ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड में कोई एंट्री नहीं मिलने पर आरोपी बहाने से कर्मचारी को रोड किनारे खड़ी स्कूटी तक ले गया।

इसी दौरान काउंटर खाली पाकर आरोपी ने वापस आकर दराज से 2,18,000 रुपये निकाल लिए और फरार हो गया।
घटना के समय मौजूद महिला कर्मचारी ने आरोपी को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह तेज रफ्तार में स्कूटी लेकर भाग निकला।
पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र लगभग 45 से 47 वर्ष के बीच बताई जा रही है। खरसिया पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
