रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।जिले के तमनार क्षेत्र में स्थित जिंदल पॉवर लिमिटेड के थर्मल पावर प्लांट की ऐश डाइक से उड़ रही राख (फ्लाई ऐश) को लेकर आसपास के गांवों से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इस गंभीर मामले को लेकर जिला प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश जारी किए हैं।
प्राप्त शिकायत के आधार पर कलेक्टर रायगढ़ के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल रायगढ़ की टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्र ग्राम कुंजेमुरा में स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ऐश डाइक की वर्तमान स्थिति, राखड़ प्रबंधन व्यवस्था और आसपास के पर्यावरण पर पड़ रहे प्रभावों का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण दल ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि हवा के साथ उड़ने वाली राख से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं, वहीं खेती और दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
प्राथमिक जांच में राखड़ उड़ने की शिकायत को गंभीर मानते हुए उद्योग प्रबंधन को कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप ऐश डाइक का समुचित संधारण, नियमित रूप से जल छिड़काव, हरित पट्टी (ग्रीन बेल्ट) का विकास तथा धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय अपनाने के निर्देश शामिल हैं।
इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि जांच में पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित उद्योग के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जिला प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि आमजन के स्वास्थ्य और पर्यावरण सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने जानकारी दी कि भविष्य में भी इस क्षेत्र में सतत निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर पुनः निरीक्षण कर स्थिति की समीक्षा की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
