रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

किसान के बेटे ने रचा इतिहास:
रायगढ़।जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंगुरसिया (संबलपुरी) के निवासी अजय गुप्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए 452वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए हुआ है। अजय की इस सफलता से पूरे रायगढ़ जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

अजय गुप्ता ने बताया कि वे एक छोटे से गांव से आते हैं और उनके पिता धनुर्जय गुप्ता एक छोटे किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके पिता ने पूरी जिंदगी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने में लगा दी। अजय का कहना है कि आज वे जो कुछ भी हैं, अपने पिता के संघर्ष और त्याग की बदौलत ही हैं।

अजय की प्रारंभिक शिक्षा संबलपुरी गांव के सरकारी स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने हायर सेकेंडरी की पढ़ाई मुक्तिप्रकाश शालिनी स्कूल से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने एनआईटी रायपुर से ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद अजय ने बस्तर जिले में एक एनजीओ के साथ जुड़कर आदिवासी विकास के लिए काम किया। इसी दौरान उन्हें प्रशासनिक सेवा में जाने और समाज के लिए बड़े स्तर पर काम करने की प्रेरणा मिली।

अजय गुप्ता ने बताया कि उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के लिए किसी भी प्रकार की कोचिंग नहीं ली।
उन्होंने स्वअध्ययन के दम पर इस कठिन परीक्षा की तैयारी की। साल 2022 और 2023 में वे इंटरव्यू तक पहुंचे लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और हैदराबाद में नौकरी करते हुए अपनी तैयारी जारी रखी।
अंततः वर्ष 2025 में उन्होंने इंटरव्यू में सफलता प्राप्त करते हुए 452वीं रैंक हासिल की
परिवार की बात करें तो अजय तीन भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनके छोटे भाई एमबीबीएस डॉक्टर हैं और वर्तमान में नवरंगपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि उनकी बहन जेएसपीएल में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
अजय गुप्ता की इस सफलता की खबर मिलते ही उनके घर और गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया।
परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अजय की इस उपलब्धि को रायगढ़ जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है!