रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।जिले में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन में लगी 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा है, जिनमें करीब 134 टन स्क्रैप लोड था। साथ ही मिनी राइस मिल पूंजीपथरा के पास डंप कर रखे मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए कबाड़ की कीमत लगभग 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त वाहनों की कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह कुल मिलाकर 1.15 करोड़ रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।

एसएसपी के निर्देशन में चली कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है। इसी के तहत सभी थाना प्रभारियों को कबाड़ के अवैध कारोबार और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में पूंजीपथरा के नवपदस्थ थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और पुलिस टीम को सूचना संकलन में लगाया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अवैध कबाड़ परिवहन और मैग्नीज मेटल डंप किए जाने की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

इसके बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।घेराबंदी कर पकड़े गए वाहन,पुलिस टीम ने तमनार चौक पूंजीपथरा, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा गया, जिनमें मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ और अन्य लोहे का स्क्रैप बड़ी मात्रा में लोड था।
वाहन चालकों से कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में वाहनों सहित कबाड़ को जब्त कर लिया और उसका वजन कराया।
इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक दर्ज कर धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
मिनी राइस मिल में छापा
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पूंजीपथरा स्थित एक मिनी राइस मिल में मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे को अवैध रूप से खरीदा-बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने राइस मिल में रेड कार्रवाई की, जहां प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी मौके पर मिला।
जांच के दौरान वहां से मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) बरामद हुईं। इनकी कुल कीमत करीब 76 हजार 560 रुपये आंकी गई है।
संदेही द्वारा क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उक्त सामग्री को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी (43 वर्ष) निवासी पूंजीपथरा के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 20/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS में कार्रवाई की गई है।
कई राज्यों के वाहन चालक शामिल
पुलिस जांच में सामने आया है कि जब्त किए गए वाहनों में ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के वाहन चालक शामिल हैं। ये वाहन लोहे के कबाड़ से भरे हुए थे और उसे स्थानीय औद्योगिक क्षेत्रों के प्लांटों में खपाने की योजना थी।

एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, राम प्रसाद यादव, नंद साय कंवर तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, विक्रम कुजूर, हेम सागर पटेल और आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।