रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।छात्र अधिकारों और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई रायगढ़ जिला इकाई ने शहर में बड़ा प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में छात्र-युवा इतवारी बाजार में एकत्र हुए और वहां से रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च किया।प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने वॉटर कैनन का प्रयोग किया और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन समेत 25 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

इतवारी बाजार से कलेक्ट्रेट तक निकली रैली
एनएसयूआई द्वारा आयोजित ‘छात्र अधिकार रैली’ में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल हुए। रैली इतवारी बाजार से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र अधिकारों की रक्षा और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिनकी मौजूदगी से आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिला।

बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े कार्यकर्ता, पुलिस ने चलाया वॉटर कैनन
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दो बैरिकेड लगाए थे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने पहले शांतिपूर्वक अपनी मांगें रखीं, लेकिन आगे बढ़ने के प्रयास के दौरान पुलिस से उनकी बहस हो गई।
स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारियों ने दोनों बैरिकेड तोड़ दिए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों के बावजूद कई छात्र मौके पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे।
आरिफ हुसैन समेत 25 से ज्यादा कार्यकर्ता गिरफ्तार
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन, युवा कांग्रेस नेता अनमोल अग्रवाल, यूनिवर्सिटी एनएसयूआई अध्यक्ष शाकिब अनवर सहित 25 से अधिक कार्यकर्ताओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर छात्रों की मांगों को जल्द पूरा करने और गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को तत्काल रिहा करने की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन छात्र संगठनों के साथ भेदभाव कर रहा है।
प्रशासन पर लगाया पक्षपात का आरोप
इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव राकेश पांडे ने कहा कि प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसयूआई के कार्यक्रमों को रोक दिया जाता है, जबकि एबीवीपी के कार्यक्रमों को संरक्षण दिया जाता है,जो प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।

15 दिन में मांगें नहीं मानी गईं तो होगा बड़ा आंदोलन
गिरफ्तारी से पहले एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आरिफ हुसैन ने कलेक्ट्रेट के बाहर संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर छात्रों की मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन का अगला चरण और बड़ा होगा।उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो जिला बंद, उद्योगों का घेराव और अनशन भी किया जाएगा।
इन मुद्दों को लेकर हुआ आंदोलन
एनएसयूआई ने इस प्रदर्शन के जरिए दो प्रमुख मुद्दे उठाए—
प्रशासन द्वारा एनएसयूआई के कार्यक्रमों को बंद करवाना जबकि अन्य छात्र संगठनों के कार्यक्रम जारी रहना
रायगढ़ जिले में बड़े उद्योग होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार न मिलना
मुख्य मांगें
सभी सरकारी कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल का गठन
स्थानीय उद्योगों में स्थानीय युवाओं को 70% आरक्षण
नियमित कैंपस इंटरव्यू की व्यवस्था
छात्र अधिकारों का हनन बंद किया जाए
सभी छात्र संगठनों के साथ समान व्यवहार किया जाए
एनएसयूआई ने दावा किया कि यह आंदोलन पूरी तरह सफल रहा और यदि प्रशासन ने मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
