रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।केलो नदी स्थित पचधारी डेम एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। यहां दोस्तों के साथ नहाने गए 21 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।
फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ शहर के ढीमरापुर मार्ग स्थित गोविन्द बगीचा कॉलोनी निवासी अरुण गुरु का 21 वर्षीय पुत्र सारस्वत गुरु अपने दोस्तों के साथ केलो नदी के पचधारी डेम में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान युवक ने डेम में छलांग लगाई, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण वह पानी में डूब गया और बाहर नहीं निकल सका।

युवक को डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए दोस्तों ने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई।इसके लिए होमगार्ड के जवानों को भी बुलाया गया।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद होमगार्ड की टीम ने डेम के पानी से सारस्वत गुरु का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि पचधारी डेम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, जिसके बावजूद यहां लोग नहाने और घूमने के लिए पहुंचते हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर डेम की सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
