रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ जिला प्रशासन ने पिछले 72 घंटों में बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। तमनार के आमाघाट के बाद अब लैलूंगा विकासखंड के नवीन घटगांव और मुड़ागांव में भी अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ हुआ है।
जिले में चल रहे इस बड़े अभियान का नेतृत्व कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशिमोहन सिंह कर रहे हैं, जिनकी संयुक्त रणनीति से अब ड्रोन तकनीक के जरिए दूरस्थ और दुर्गम इलाकों तक प्रशासन की पैनी नजर पहुंच रही है।
ड्रोन सर्वे बना गेमचेंजर, कई इलाकों में सघन निगरानी
जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर ड्रोन सर्वे अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, रायगढ़, पुसौर और धरमजयगढ़ समेत कई अनुविभागों के दर्जनों गांवों में सघन जांच की गई है।
ड्रोन तकनीक की मदद से उन क्षेत्रों में भी निगरानी संभव हुई है, जहां पहले पहुंचना मुश्किल था। इससे संदिग्ध फसलों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
आमाघाट में 2 करोड़ की अफीम फसल जब्त
19 मार्च को मुखबिर की सूचना पर तमनार क्षेत्र के आमाघाट में पुलिस ने छापा मारा। यहां सब्जी की खेती की आड़ में बड़े पैमाने पर अफीम उगाई जा रही थी।
60,326 अफीम पौधे बरामद
अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए
मुख्य आरोपी मार्शल सांगा (झारखंड निवासी) हिरासत में
कार्रवाई के दौरान पूरी फसल को उखाड़कर नष्ट किया गया और जेसीबी व रोटावेटर से खेत समतल कर दिया गया।
लैलूंगा में भी खुली पोल: साग-भाजी के बीच उग रही थी अफीम
23 मार्च को ड्रोन और फिजिकल सर्वे के दौरान लैलूंगा के नवीन घटगांव में सादराम नाग के खेत में अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई।
साग-भाजी के बीच छिपाकर की जा रही थी खेती
पौधों में सफेद फूल आ चुके थे
आरोपी को हिरासत में लिया गया
इसी गांव में अभिमन्यु नागवंशी के घर से सूखी अफीम भी बरामद हुई। आरोपी साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने समय रहते कार्रवाई कर सामग्री जब्त कर ली।
मुड़ागांव में भी संदिग्ध खेती, जांच जारी
लैलूंगा के मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी से पूछताछ में लगभग 5 डिसमिल जमीन में संदिग्ध फसल उगाने की बात सामने आई है।
घर से सूखे पौधे, पत्तियां और तने बरामद
जांच के लिए सैंपल भेजे गए
नारकोटिक्स टीम से समन्वय
रिपोर्ट आने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर-एसएसपी का सख्त संदेश: “किसी को नहीं बख्शेंगे”
प्रेस वार्ता में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट कहा कि अवैध मादक पदार्थों की खेती गंभीर अपराध है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही नारकोटिक्स एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
आम लोगों से अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की अवैध गतिविधि नजर आए तो तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
रायगढ़ में अफीम की खेती के खिलाफ यह अभियान अब बड़े स्तर पर पहुंच चुका है। ड्रोन तकनीक और संयुक्त कार्रवाई के दम पर प्रशासन लगातार माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ने में जुटा है। आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
