रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़। नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उर्दना स्थित रामाधीन पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया। निगम की इस कार्रवाई से शहर के अन्य बकायेदारों में हड़कंप मच गया है।

2022-23 से ₹4.35 लाख से अधिक टैक्स बकाया
निगम अधिकारियों के अनुसार संबंधित पेट्रोल पंप पर वर्ष 2022-23 से कुल ₹4,35,574 का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद संचालक द्वारा भुगतान नहीं किया गया, जिसके बाद निगम ने सख्त कदम उठाया।

नोटिस के बाद भी नहीं जमा किया टैक्स, हुई सील की कार्रवाई
लगातार अनदेखी के चलते निगम की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार पेट्रोल पंप को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अन्य बकायेदारों के लिए भी चेतावनी है।

निगम कमिश्नर का स्पष्ट संदेश
निगम कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स नगर विकास का प्रमुख आधार है। समय पर टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


करदाताओं से अपील—समय पर करें भुगतान
निगम प्रशासन ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर, यूजर चार्ज और दुकान किराया समय पर जमा करें, ताकि सीलिंग, कुर्की जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।

अवकाश के दिन भी खुला रहेगा निगम कार्यालय
राजस्व वसूली को तेज करने के लिए निगम का राजस्व विभाग अवकाश के दिनों में भी खुला रहेगा, जहां करदाता अपने बकाया का भुगतान कर सकते हैं।
