रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।आईपीएल मैचों की आड़ में चल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत थाना साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ रेड कार्रवाई करते हुए 5 सक्रिय सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 70 हजार रुपये नकद, 6 महंगे मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 4 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।

सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोतरारोड़ बायपास से साकेत सिं्घानिया गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि कोतरारोड़ बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर साइबर और कोतवाली पुलिस ने दबिश दी, जहां साकेत सिं्घानिया को आईपीएल मैचों पर हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया।
जांच में उसके मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई ट्रांजेक्शन और रकम के लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले। आरोपी के कब्जे से एक विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया।
पंजाब नेशनल बैंक के पास राशन दुकान से संचालित हो रहा था सट्टा नेटवर्क
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पुराना पंजाब नेशनल बैंक क्षेत्र स्थित एक राशन दुकान में छापा मारकर रितेश डालमिया को ऑनलाइन सट्टा खिलाते गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर नेटवर्क संचालित करने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से आईफोन, विवो, सैमसंग मोबाइल, करीब 2 लाख 69 हजार रुपये नकद और नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गई।
किराए के मकान से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा कारोबार
तीसरी कार्रवाई संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने एक किराए के मकान के दूसरे तल पर दबिश देकर प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सट्टे की रकम से जुड़े स्क्रीनशॉट मिले।
पूछताछ में आरोपी ने पिंटू हलवाई, रौनक हलवाई और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने की बात कबूल की। आरोपी के मोबाइल में,
लगभग 89 हजार 950 रुपये के डिजिटल लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी पिंटू हलवाई फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी….
प्रदीप कुमार पाण्डेय (52 वर्ष), निवासी संजय मैदान रामभांठा रायगढ़
रितेश डालमिया (28 वर्ष), निवासी बीड़पारा रायगढ़
प्रियंका हलवाई (37 वर्ष), निवासी चांदमारी रायगढ़
रौनक मोदनवाल (19 वर्ष), निवासी चांदमारी रायगढ़
साकेत सिं्घानिया (37 वर्ष), निवासी गजानंदपुरम कोतरारोड़ रायगढ़
कुल जब्ती
2 लाख 70 हजार रुपये नकद
एक इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन
2 आईफोन
1 वन प्लस मोबाइल
2 विवो मोबाइल
1 सैमसंग मोबाइल
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं और समाज को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है।

रायगढ़ police ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार कार्रवाई कर रही है। अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
