रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों और अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार माजदा वाहनों से भारी मात्रा में लोहा एवं टीना कबाड़ जब्त किया है। पुलिस ने कुल 14 टन 700 किलो कबाड़ और चार वाहनों समेत 31 लाख 23 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने तमनार चौक पर नाकेबंदी कर यह कार्रवाई की। पकड़े गए वाहन चालकों के पास कबाड़ परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।तमनार चौक पर नाकेबंदी के दौरान हुई कार्रवाई
थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में 9 मई को तमनार चौक पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धरमजयगढ़-घरघोड़ा क्षेत्र से अलग-अलग वाहनों में कबाड़ लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चारों वाहनों को रोककर जांच की और भारी मात्रा में कबाड़ बरामद किया।
जब्त किए गए वाहन और कबाड़ का विवरण
1. CG 04 MR 2867
चालक पुरुषोत्तम यादव के वाहन से लगभग 3 टन 700 किलो लोहा एवं टीना कबाड़ बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 88,800 रुपये आंकी गई।
2. CG 14 MD 7161
चालक दीपक राम मांझी के वाहन से करीब 4 टन कबाड़ मिला, जिसकी कीमत लगभग 80,000 रुपये बताई गई।
3. CG 04 JD 7747
चालक पुनवा राम नौरंग के वाहन से करीब 3 टन लोहा एवं टीना कबाड़ मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 75,000 रुपये है।
4. CG 11 BM 6416
चालक किशना सतनामी के वाहन से करीब 4 टन कबाड़ बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 80,000 रुपये है।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके चालक
पुलिस पूछताछ के दौरान चारों वाहन चालकों से कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चोरी अथवा संदिग्ध संपत्ति होने के संदेह पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
पुरुषोत्तम यादव, निवासी धरमजयगढ़, जिला रायगढ़
दीपक राम मांझी, निवासी पालीडीह, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
पुनवा राम नौरंग, निवासी कुटराबोर, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती
किशना सतनामी, निवासी नंदेली भांठा, थाना सक्ती, जिला सक्ती
इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई
चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत इस्तगासा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। साथ ही पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में एएसआई उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, गजेंद्र पैंकरा तथा आरक्षक कीर्तन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के माल, अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्ति के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
साथ ही उद्योगों, व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
