रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।छत्तीसगढ़ की राजनीति में ऑनलाइन सट्टेबाजी के मुद्दे पर बयानबाज़ी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा कर राज्य सरकार और भाजपा नेताओं पर निशाना साधे जाने के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा पलटवार किया है।

ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ऑनलाइन सट्टा कारोबार ने पूरे प्रदेश में जड़ें जमा ली थीं और उस दौरान अपराधियों को संरक्षण मिलता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय पुलिस कार्रवाई करने के बजाय कई मामलों में अपराधियों के हौसले बुलंद किए गए।
वित्त मंत्री ने कहा कि आज राज्य की पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, बड़े सट्टेबाजों पर शिकंजा कसा जा रहा है और फरार आरोपी आत्मसमर्पण करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने इसे प्रदेश में सुशासन और कानून व्यवस्था की मजबूती का प्रमाण बताया।

ओपी चौधरी ने भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि जब किसी अपराधी के खिलाफ कार्रवाई होती है, तब विपक्ष की जिम्मेदारी पुलिस का मनोबल बढ़ाने की होनी चाहिए, न कि अपराधियों के पक्ष में राजनीतिक बयान देने की।
उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और यह समझ रही है कि कौन अपराध के खिलाफ खड़ा है और कौन राजनीतिक स्वार्थ के लिए ऐसे मुद्दों पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
