रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
✍️सारंगढ़ से न्यूज़ मिर्ची के संवाददाता की रिपोर्ट….
रायगढ़ से लगे नवनिर्मित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कटंगपाली क्षेत्र में अवैध डोलोमाइट उत्खनन और परिवहन का बड़ा मामला सामने आया है। क्षेत्र में चर्चा है कि रायगढ़ के एक बाईक शोरूम संचालक से जुड़े खनन माफिया द्वारा बंद हो चुकी माइंस से बिना वैध अनुमति के डोलोमाइट निकाला जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक जिस खदान से खनिज निकाला जा रहा है उसकी लीज समाप्त हो चुकी है और अब तक उसका रिन्यूअल नहीं हुआ है!!
इसके बावजूद लगातार भारी मशीनों से उत्खनन कर ट्रकों के माध्यम से डोलोमाइट का परिवहन किए जाने की बात कही जा रही है।मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बिना लीज रिन्यूअल के खदान संचालन कैसे हो रहा है?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बंद माइंस से निकाले जा रहे डोलोमाइट को दूसरी वैध खदान की रॉयल्टी के सहारे परिवहन कराया जा रहा है। यदि यह आरोप सही पाए जाते हैं तो शासन को भारी राजस्व नुकसान पहुंचने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में देर रात तक हाइवा और भारी वाहनों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है!!
लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के बजाय मौन नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पूरे मामले में प्रभावशाली लोगों का संरक्षण होने की चर्चा भी क्षेत्र में जोरों पर है। यही वजह है कि लंबे समय से अवैध उत्खनन और परिवहन का खेल बेखौफ जारी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर शेरूम संचालक और सारंगढ़-बिलाईगढ़ क्षेत्र में सक्रिय खनिज माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है?
स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर अवैध खनन में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं का मनोबल और बढ़ सकता है।