रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।छत्तीसगढ़ के इस जिले में सड़क हादसों के नाम रहा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। वहीं बांकी मोंगरा क्षेत्र में लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा और देर रात तक चक्काजाम की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार पहली घटना बालको थाना क्षेत्र के ग्राम अजगरबहार के पास सोमवार देर शाम हुई। बताया जा रहा है कि करीब 10 युवक झोराघाट से पिकनिक मनाकर ऑटो में सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसा इतना भयावह था कि ऑटो में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सोनू यादव और सत्यम यादव के रूप में हुई है। हादसे में अन्य युवक भी घायल हुए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्युरी भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बांकी मोंगरा में अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, दो की मौत!!
दूसरी दर्दनाक घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर हुई। यहां देर शाम बाइक सवार दो युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान प्रकाश और बबलू के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन देर रात करीब 12:30 बजे तक जारी रहा, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
अवैध रेत परिवहन पर फूटा लोगों का गुस्सा
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध रेत परिवहन और तेज रफ्तार ट्रैक्टरों को लगातार हो रही दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताया। लोगों का आरोप था कि भारी वाहन और रेत से भरे ट्रैक्टर बेलगाम रफ्तार में चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बांकी मोंगरा, कुसमुंडा, दीपका थाना और सर्वमंगला चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में लोगों को समझाइश दी गई, जिसके बाद देर रात यातायात बहाल कराया जा सका।
सड़क सुरक्षा और अवैध परिवहन पर उठे सवाल
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और अवैध परिवहन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
इन दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।