रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़ पुलिस ने जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्ति के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 23 लाख रुपए की संदिग्ध संपत्ति जब्त की है। जूटमिल और छाल थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 24 टन कबाड़ से भरा ट्रक और 53 क्विंटल लोहे का सरिया बरामद किया गया है।

दोनों मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई जारी है। एसएसपी ने साफ कहा है कि चोरी के सामान, अवैध कबाड़ और संदिग्ध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जूटमिल पुलिस की कार्रवाई : 24 टन कबाड़ से भरा ट्रक जब्त
थाना जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास ओडिशा पासिंग ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 में भारी मात्रा में कबाड़ लोड है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा।

जांच में ट्रक में लोहे और टीन का भारी मात्रा में कबाड़ मिला। चालक प्रमोद कुमार यादव निवासी समस्तीपुर बिहार हाल मुकाम भुवनेश्वर ओडिशा से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 24 टन कबाड़ जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपए और 12 लाख रुपए कीमत का ट्रक जब्त कर लिया। कुल जब्ती करीब 20 लाख रुपए की बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना जूटमिल में धारा 35 (क), (ड) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
छाल पुलिस ने 53 क्विंटल सरिया किया बरामद
इधर थाना छाल पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बेहरामार में भारी मात्रा में चोरी का सरिया रखा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भोजराम पटेल के घर के सामने बने शेड में दबिश दी।
तलाशी के दौरान कामधेनु कंपनी का 8 एमएम, 10 एमएम और 12 एमएम का कुल 5300 किलोग्राम सरिया बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी भोजराम पटेल सरिया से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सरिया जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़, चोरी की संपत्ति और संदिग्ध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
