रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़ पुलिस ने आमाघाट रोड पर ट्रक एवं ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तमनार पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूउटटंटे गए मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।जानकारी के अनुसार, झारखंड के गढ़वा जिले निवासी ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 जून की देर रात आमाघाट क्षेत्र से गुजरते समय कुछ युवकों ने उसके ट्रक पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।पत्थर लगने से ट्रक का शीशा टूट गया और चालक घायल हो गया। जब वह वाहन रोककर अपनी चोट देख रहा था, तभी एक युवक ट्रक के केबिन में चढ़ गया और उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तमनार पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम देलारी निवासी रघुनाथ चौहान और उसके साथी इस प्रकार की वारदातों में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रघुनाथ चौहान, शिव कुमार अघरिया, प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें प्रार्थी का लूटा गया मोबाइल भी शामिल है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई टीवीएस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
जांच के दौरान प्रार्थी द्वारा आरोपियों की पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने मामले में गंभीर धाराएं जोड़ते हुए डकैती का अपराध दर्ज किया। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में लूटपाट, असामाजिक गतिविधियों और अपराध में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों, वाहन चालकों और औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी….
१,रघुनाथ चौहान (25 वर्ष), ग्राम देलारी
२,शिव कुमार अघरिया (24 वर्ष), ग्राम देलारी
३,प्रवीण राठिया (21 वर्ष), बरोरा कछार
४,जय किशन सोनार (19 वर्ष), गौरमुड़ी
५,किशन कंवर (27 वर्ष), डेरागढ़, जिला सक्ती
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक दिलदार कुरैशी, हेम प्रकाश सोन, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार, रंजीत भगत तथा थाना पूंजीपथरा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया!!
