रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
ऑपरेशन आघात के तहत 1.86 करोड़ की संपत्ति जब्त, उड़ीसा से मध्यप्रदेश जा रही थी गांजे की खेप
रायगढ़, 05 जून 2026। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलो गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई में गांजा, दो लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में मिली सूचना के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया मार्ग पर बहुस्तरीय नाकेबंदी की। इस दौरान एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी XL-6 को रोककर तलाशी ली गई।जांच में इनोवा वाहन में डबल नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।
दो वाहनों से मिला 300 किलो गांजा
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से करीब 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल की गई इनोवा क्रिस्टा (20 लाख रुपये), XL-6 (14 लाख रुपये) तथा 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत लगभग 1.86 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अनूपपुर तक फैले नेटवर्क की तलाश
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले तक पहुंचाने की जानकारी दी है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस की विशेष टीम सरगुजा और अनूपपुर रवाना की गई है।

गिरफ्तार आरोपी….
1,निखिल कश्यप (23 वर्ष), जिला बलरामपुर
2,रिंकु कश्यप (28 वर्ष), जिला सरगुजा
3,धर्मेन्द्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), जिला अनूपपुर (म.प्र.)
जब्त सामग्री…
300 किलो गांजा
01 इनोवा क्रिस्टा
01 मारुति सुजुकी XL-6
05 मोबाइल फोन
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अंतर्राज्यीय तस्करों और उनके नेटवर्क पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
