रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम रायगढ़ ने शुक्रवार को श्याम टॉकीज रोड, सुभाष चौक, गांधी पुतला रोड और संजय मार्केट क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय की मौजूदगी में चले इस विशेष अभियान के दौरान सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले 14 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 22,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि सड़क पर रखा गया!

सामान भी जब्त कर लिया गया।सड़क और फुटपाथ से हटाया सामान,यातायात में मिल रही थी बाधा निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा से बाहर सड़क और फुटपाथ तक फैला रखा था। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कार्रवाई के दौरान प्लास्टिक सामग्री, साउंड बॉक्स, टेबल, साइकिल, कैरेट सहित अन्य सामान जब्त कर सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

इन दुकानदारों पर लगाया गया जुर्माना
अभियान के दौरान गुड़िया पर 200 रुपये, पवन कुमार और वॉइस विजन पर 500-500 रुपये, शिवम रेडियो, सिंधु डिपो, दीपक जनरल स्टोर, गणेश मोबाइल, न्यू बुक डिपो, सिंधु बुक डिपो, प्रथम ऑटोमोबाइल, महताब और सुबोध कुमार पर 2-2 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं शोभाराम मानिकराम और शिवाय कलेक्शन पर 1-1 हजार रुपये तथा संजय मार्केट स्थित न्यू शू कलेक्शन और सद्दाम बूट पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। कुल मिलाकर निगम ने 22,200 रुपये की राशि वसूल की।

आयुक्त का संदेश—अब नहीं चलेगी मनमानी
नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ और चौक-चौराहों पर किया गया अतिक्रमण न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि शहर की सुंदरता और नागरिक सुविधाओं पर भी प्रतिकूल असर डालता है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और सार्वजनिक मार्ग या नालों पर किसी भी प्रकार का कब्जा न करें।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम प्रशासन द्वारा पहले भी लगातार समझाइश दी जाती रही है, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामान जब्ती, अर्थदंड और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से भी स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त रायगढ़ बनाने में सहयोग करने की अपील की।



