रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सख्त अभियान चला रहा है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब जब्त की है। पहली कार्रवाई जनदर्शन में प्राप्त शिकायत के आधार पर ग्राम ढोल नारा में की गई, जबकि दूसरी कार्रवाई जिला स्तरीय उड़नदस्ता ने पुसौर क्षेत्र के ग्राम कांदागढ़ में की।

जनदर्शन की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई
आबकारी विभाग को जनदर्शन के माध्यम से शिकायत मिली थी कि तमनार क्षेत्र के ग्राम कोलम, चितवाही और ढोल नारा में अवैध महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। शिकायत मिलते ही आबकारी वृत्त घरघोड़ा की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
सबसे पहले टीम ने ग्राम कोलम में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वहां किसी प्रकार की अवैध शराब नहीं मिली। इसके बाद नियमानुसार खाली तलाशी पंचनामा तैयार किया गया।

ढोल नारा में महिला के कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब बरामद
इसके बाद आबकारी टीम ग्राम ढोल नारा पहुंची, जहां श्रीमती जमुना बंजारा (55 वर्ष), पति स्वर्गीय घासीराम बंजारा के कब्जे से 14 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2,800 रुपये आंकी गई है।
आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि अवैध शराब का कारोबार किन अन्य क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

पुसौर में ओडिशा की अवैध महुआ शराब जब्त
दूसरी कार्रवाई में जिला स्तरीय उड़नदस्ता रायगढ़ की टीम ने पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कांदागढ़ स्थित तालाब किनारे दबिश देकर जयप्रकाश साव (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से ओडिशा राज्य में विक्रय के लिए चिन्हित “बरगद छाप” महुआ शराब के 50 पाउच (कुल 10 लीटर) बरामद किए गए।
जब्त शराब की बाजार कीमत लगभग 2,000 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 59(क) एवं 36 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
दोनों कार्रवाइयों में आबकारी उप निरीक्षक रागिनी पटेल के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान में आरक्षक लाकेश नेताम, आरक्षक प्रवीण जांगड़े, महिला आरक्षक उर्मिला तथा दूसरी कार्रवाई में महिला आरक्षक अनिशा तिर्की का भी सराहनीय योगदान रहा।
अवैध शराब कारोबार पर लगातार जारी रहेगा अभियान
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन या आबकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
