रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शहर में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर संचालित किए जा रहे स्कूल ऑटो के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि ओवरलोडिंग, नशे की हालत में वाहन संचालन और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से स्कूल ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पहले ऑटो चालकों और स्कूल प्रबंधन को जागरूक किया गया, वहीं अब नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है।
इसी कड़ी में 18 जुलाई को डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह ने स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की बैठक लेकर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की।

बैठक में ऑटो चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाया जाए। ऐसा पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।बैठक में स्कूल प्रबंधन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा गया कि यदि कोई ऑटो चालक सुरक्षा मानकों की अनदेखी करता है या क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
डीएसपी ट्रैफिक ने यह भी साफ किया कि यदि कोई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है।तो उसका वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बैठक के अगले ही दिन से यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
जांच के दौरान ऑटो चालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्कूल वाहन चालकों और शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही अथवा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई करती रहेगी।
बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”
रायगढ़ पुलिस ने अभिभावकों, स्कूल संचालकों और वाहन चालकों से भी अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
