रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़, 21 जुलाई 2026 (मंगलवार)। रायगढ़ पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी अभियान में कोतवाली पुलिस ने बहुचर्चित सहारा इंडिया निवेश घोटाले में लगभग तीन वर्षों से फरार चल रहे सहारा इंडिया कबीर चौक शाखा के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54 वर्ष) को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को कोतरारोड़ क्षेत्र से हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
2022 में दर्ज हुई थी करोड़ों की ठगी की शिकायत
मामले की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी, जब रायगढ़ निवासी विकास निगानिया ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि सहारा इंडिया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता और अधिक लाभ का झांसा देकर वर्ष 2017 में उनसे, उनकी पत्नी तथा माता से लगभग 40 लाख रुपये विभिन्न निवेश योजनाओं में जमा कराए थे।
निवेश की अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं मिली। जांच के दौरान सामने आया कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर रकम लेकर विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉन्ड जारी किए गए और सुनियोजित तरीके से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
जांच में खुला बड़ा नेटवर्क, हजारों निवेशक बने शिकार
कोतवाली पुलिस की विस्तृत जांच में जिला प्रशासन, विभिन्न बैंकों, मंत्रालयों और निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों और क्षेत्रीय अधिकारियों की भूमिका सामने आई।
अब तक की जांच में 3,848 निवेशकों से कुल ₹40,78,16,739 की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
पहले भी कई बड़े आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस बहुचर्चित प्रकरण में पुलिस पहले ही सहारा इंडिया रायगढ़ के पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, खरसिया शाखा के पूर्व प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करुणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास तथा बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीश तिवारी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से कंपनी के दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, नियुक्ति संबंधी अभिलेख, जमीन के दस्तावेज तथा कथित धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की थी,मुखबिर की सूचना पर कोतरारोड़ से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी विजय कुमार शराफ अपने ससुराल कोतरारोड़ आया हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी। उसके कब्जे से सहारा इंडिया कंपनी के फ्रेंचाइजी कार्यालय से जुड़े विकास एवं प्रशासन संबंधी आदेश पत्र तथा कंपनी के एमओयू की प्रतियां भी बरामद की गईं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सहारा इंडिया निवेश घोटाले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। नए साक्ष्य मिलने पर मामले में और भी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह एवं कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि—
“निवेशकों के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। रायगढ़ पुलिस आर्थिक अपराधों में फरार आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है। आम जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
