रायगढ़ शहर व जिले की छोटी बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें 98279-50 350
नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026। सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने 26 दिनों से जारी अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्होंने अपना अनशन तोड़ा। इस दौरान उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो भी उनके साथ मौजूद रहीं।

अनशन समाप्त करने के बाद जेपी नड्डा ने स्वयं उन्हें कप से पानी पिलाकर उपवास तुड़वाया।
लंबी बातचीत और देशहित को देखते हुए लिया फैसला
सोनम वांगचुक ने कहा कि उनका यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि कई दौर की बातचीत और देश में शांति बनाए रखने की भावना को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

उन्होंने बताया कि अनशन के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात की या पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने का आग्रह किया था। इन सभी सुझावों और चर्चाओं के बाद उन्होंने अपना आंदोलन फिलहाल समाप्त करने का निर्णय लिया।

छात्रों और युवाओं से की महत्वपूर्ण अपील
अनशन खत्म करते हुए वांगचुक ने देशभर के छात्रों और युवाओं से भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन किसी भी स्थिति में हिंसा का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए। उन्होंने सभी से शांति, संयम और संवैधानिक तरीकों से अपनी बात रखने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि देश में कहीं भी तनाव या हिंसा की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

जल्द बताएंगे किन शर्तों पर खत्म किया अनशन
सोनम वांगचुक ने संकेत दिए कि अनशन समाप्त करने से पहले सरकार और उनके बीच कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बातचीत हुई है। हालांकि उन्होंने अभी उन शर्तों का खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही एक विस्तृत वीडियो जारी करेंगे, जिसमें अनशन समाप्त करने के पीछे की पूरी प्रक्रिया, हुई चर्चा और तय हुई शर्तों की जानकारी देशवासियों के साथ साझा करेंगे।
समर्थकों से धैर्य बनाए रखने की अपील
वांगचुक ने अपने समर्थकों, छात्रों और देशभर के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि आगे की लड़ाई लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगी। उन्होंने सभी से धैर्य बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह या हिंसक गतिविधि से दूर रहने की अपील की।उन्होंने भरोसा जताया कि संवाद और सकारात्मक प्रयासों से समस्याओं का समाधान निकलेगा।
