रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़। प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। हालात को देखते हुए वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने महानदी के तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और किसी भी परिस्थिति में लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

चार जिलों के प्रशासन को किया हाई अलर्ट
ओपी चौधरी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती सहित महानदी से जुड़े जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और एसडीएम को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और राहत एवं बचाव की तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा गया है।
ओडिशा सरकार से लगातार संपर्क, हीराकुंड पर नजर
उन्होंने बताया कि महानदी में पानी के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए पड़ोसी राज्य ओडिशा की सरकार और वहां के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
प्रयास है कि हीराकुंड बांध के अधिक से अधिक गेट खोले जाएं, जिससे पानी का प्रवाह नियंत्रित रहे और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा कम हो सके। वहीं गंगरेल बांध के गेट खुलने की संभावित स्थिति को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली तैयारियों की समीक्षा
वित्त मंत्री ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सहित महानदी प्रभावित जिलों के कलेक्टर, एसपी और एसडीएम के साथ बैठक कर बाढ़ से निपटने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत शिविर, नाव, SDRF की टीम, मेडिकल स्टाफ और आवश्यक संसाधनों को पहले से तटीय गांवों के नजदीक तैनात रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
तटवर्ती गांवों के लोगों से की खास अपील
ओपी चौधरी ने कहा कि डूब प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवार किसी भी आपात स्थिति के लिए पहले से तैयार रहें। जरूरी दस्तावेज, दवाइयां, पीने का पानी और खाने-पीने की आवश्यक सामग्री सुरक्षित स्थान पर रखें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।
‘सरकार हर परिस्थिति में आपके साथ’
उन्होंने कहा कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है और बाढ़ की स्थिति बनती है, तो प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य करेगा। सरकार और जिला प्रशासन 24 घंटे लोगों की सुरक्षा के लिए तैयार हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता पहुंचाई जाएगी और किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
ओपी चौधरी ने कहा कि आपदा की घड़ी में घबराने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने की आवश्यकता है। सरकार और प्रशासन जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
