रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़, 1 अगस्त 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर शनिवार को ग्राम बारभौना में खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नदी से अवैध रूप से रेत निकाल रहे 10 ट्रैक्टर और एक ट्रैक्टर-लोडर को जब्त कर लिया। कार्रवाई की भनक लगते ही वाहन चालक अपने वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

प्रशासन को ग्राम बारभौना स्थित नदी से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलते ही खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान नदी में अवैध रूप से रेत निकालने और परिवहन करने में लगे 10 ट्रैक्टर एवं एक ट्रैक्टर-लोडर पाए गए।
टीम को देखते ही सभी वाहन चालक मौके से वाहन छोड़कर भाग निकले। अधिकारियों ने तत्काल सभी वाहनों को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। जब्त किए गए सभी वाहन अग्रिम कार्रवाई के लिए पुलिस थाना छाल की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखे गए हैं।
वाहन मालिकों और खनन में शामिल लोगों पर होगी कार्रवाई
खनिज विभाग ने बताया कि मामले में संबंधित वाहन मालिकों और अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच के बाद दोषियों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती जारी
जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है। कलेक्टर के निर्देशन में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें नियमित रूप से कार्रवाई कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
न्यूज़ मिर्ची की नजर:
जिले में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से साफ है कि प्रशासन अब अवैध रेत कारोबार पर शिकंजा कसने के मूड में है। आने वाले दिनों में अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाने की संभावना है।
