रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के बीच रायगढ़ वन परिक्षेत्र में पक्षियों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। महापल्ली गांव के पास एयरगन से पक्षियों का शिकार कर रहे दो युवकों को वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया। मौके से एयरगन, गोलियां और शिकार किए गए तीन मृत पक्षी बरामद किए गए हैं।बरामद पक्षियों में पड़की और टिटहारी शामिल बताए जा रहे हैं।
वन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महापल्ली क्षेत्र में दो युवक एयरगन लेकर घूम रहे हैं और पक्षियों का शिकार कर रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ वन मंडल की उड़नदस्ता टीम तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए क्षेत्र में पहुंचकर निगरानी शुरू की।इसी दौरान महापल्ली रोड के पास टीम को दो युवक एयरगन लेकर दिखाई दिए। वनकर्मियों ने दोनों को रोककर पूछताछ और तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से एयरगन, गोलियां तथा तीन मृत पक्षी बरामद हुए। इसके बाद वन अमले ने शिकार में इस्तेमाल की जा रही सामग्री को जब्त कर लिया।

दो युवकों से पूछताछ, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
पकड़े गए युवकों की पहचान उद्धव राठिया उम्र 28 वर्ष और दया सागर निषाद उम्र 20 वर्ष, दोनों निवासी महापल्ली के रूप में हुई है। वन विभाग की टीम दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि दोनों युवक कब से पक्षियों का शिकार कर रहे थे और उनके द्वारा क्षेत्र में इससे पहले भी किसी वन्यजीव का शिकार किया गया है या नहीं।

मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान हुई इस कार्रवाई को वन विभाग की निगरानी व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। विभाग द्वारा वन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में अवैध शिकार पर नजर रखने तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

