
रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक महकमे से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। राज्य के एक और भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। बलौदाबाजार जिले के वर्तमान कलेक्टर और 2011 बैच के IAS अधिकारी दीपक सोनी को भारत सरकार में नई पोस्टिंग मिली है।

उन्हें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण में डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया है।यह प्रतिनियुक्ति पांच वर्षों की अवधि के लिए होगी।भारत सरकार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर दीपक सोनी को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पद से रिलीव करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वे नई जिम्मेदारी संभाल सकें।

चार जिलों के रहे हैं कलेक्टर…
दीपक सोनी 2011 बैच के IAS अधिकारी हैं और उन्हें एक अनुभवी तथा फील्ड में मजबूत पकड़ रखने वाला प्रशासक माना जाता है। अपने अब तक के प्रशासनिक करियर में वे राज्य के चार जिलों में कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इनमें सूरजपुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव और वर्तमान में बलौदाबाजार शामिल हैं।

विशेष रूप से नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जैसे संवेदनशील जिले में उनके कार्यकाल को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जाता है। हालांकि औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होते ही दीपक सोनी जल्द ही दिल्ली रवाना होंगे!!

2011 बैच के दूसरे अफसर
एक रोचक संयोग यह भी है कि हाल ही में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए 2011 बैच के ही एक अन्य IAS अधिकारी सर्वेश भूरे भी कलेक्टर पद पर रहते हुए ही केंद्र में चयनित हुए थे। सर्वेश भूरे उस समय राजनांदगांव जिले के कलेक्टर थे। अब दीपक सोनी भी बलौदाबाजार कलेक्टर रहते हुए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं।

डॉ प्रियंका भी बनेगी माय भारत में सीईओ
छत्तीसगढ़ से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले अधिकारियों की सूची यहीं खत्म नहीं होती। इससे पहले 2009 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला को भी केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. प्रियंका शुक्ला को “मेरा युवा भारत” कार्यक्रम की पहली नियमित मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वे तीन वर्षों की अवधि के लिए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रही हैं और जल्द ही दिल्ली में कार्यभार संभालने की संभावना है।
