रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
चालान भी, समझाइश भी! SSP शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तेतला में बांटे गए नि:शुल्क हेलमेट
सड़क सुरक्षा माह में रायगढ़ पुलिस का मानवीय चेहरा, नियम तोड़े तो सजा नहीं~सुरक्षा दी!!
रायगढ़।सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन की प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
इसी क्रम में आज राष्ट्रीय राजमार्ग 153 के ग्राम तेतला में यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की गई। चालान के साथ-साथ पुलिस द्वारा चालकों को हेलमेट की उपयोगिता समझाते हुए नि:शुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए, ताकि भविष्य में वे स्वयं की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।

आज आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम के दौरान एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह ने स्वयं वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान कर उसके नियमित उपयोग का महत्व समझाया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में सिर में गंभीर चोट के कारण जान जाती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “जिंदगी अमूल्य है,थोड़ी सी लापरवाही इसे खतरे में डाल सकती है।अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और दुपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।”
इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव, थाना यातायात एवं थाना पुसौर का पुलिस बल उपस्थित रहा। अभियान को सफल बनाने में अडानी ग्रुप का विशेष सहयोग रहा।

पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि सड़क सुरक्षा जागरूकता के क्रम में कल महिला समूह के साथ महिला पुलिसकर्मियों द्वारा हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा, जिससे समाज के हर वर्ग तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाया जा सके।

