रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़।पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के स्पष्ट दिशा-निर्देशन पर रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब एवं अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चक्रधरनगर क्षेत्र में हुई कार्रवाई के 24 घंटे के भीतर कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवा नगर में देह व्यापार के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि केवड़ाबाड़ी SBI मेन ब्रांच के सामने स्थित अनिल कुमार नंदे के मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसएसपी शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया, जिसके बाद उनके मार्गदर्शन में रेड की योजना बनाई गई।

पीटा एक्ट की निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस ने एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर मकान भेजा।जैसे ही पाइंटर से तय संकेत प्राप्त हुआ, कोतवाली पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर अचानक दबिश दी। मौके पर मकान के अंदर राहुल कुमार यादव, उसकी महिला सहयोगी एवं अनैतिक कार्य हेतु लाई गई दो महिलाएं मौजूद मिलीं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने देह व्यापार में प्रयुक्त आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल फोन (रेडमी और वीवो) तथा नकद 2000 रुपये बरामद किए। पूछताछ में आरोपी राहुल कुमार यादव ने स्वीकार किया कि वह बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कर अवैध कमाई कर रहा था।
इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 में मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार यादव (उम्र 26 वर्ष, निवासी इलाहाबाद उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम शिवा नगर रायगढ़) एवं उसकी महिला सहयोगी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।
👮एसएसपी का सख्त संदेश:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब, देह व्यापार, कबाड़ जैसे किसी भी अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।आम नागरिक निर्भय होकर सूचना दें—पुलिस हर शिकायत पर त्वरित और निर्णायक कार्रवाई करेगी।”
इस कार्रवाई में इनकी रही प्रमुख भूमिका:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (साइबर) अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उपनिरीक्षक ए.के. देवांगन, सहायक उपनिरीक्षक कोसो सिंह, महिला प्रधान आरक्षक राजश्री वैष्णव, आरक्षक परसीना टोप्पो, प्रतिक्षा मिंज, मनोज पटनायक एवं भगवती रत्नाकर की अहम भूमिका रही!!
