रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
✍️सारंगढ़ से गौतम बंजारी की रिपोर्ट
भटगांव।नगर पंचायत भटगांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा नगर “द” में पढ़ने वाले दूसरी कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के प्रधान पाठक ने लकड़ी के बने डंडे से छात्र के सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और यूनिफॉर्म खून से भीग गई।
घटना के बाद बच्चे के परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही परिजन, कुछ जनप्रतिनिधि और मोहल्लेवासी स्कूल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। परिजनों ने स्कूल परिसर में शिक्षक द्वारा बच्चों के साथ की जा रही कथित मारपीट का विरोध किया।
परिजनों का आरोप – डंडे से किया हमला
मौके पर मौजूद मीडिया टीम से परिजनों ने बताया कि उनके बेटे को लकड़ी के बने बिटनुमा डंडे से मारा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे के सिर से लगातार खून बहता रहा, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ले जाना पड़ा।
प्रधान पाठक का बयान – पिटाई की बात स्वीकारी
वहीं दूसरी ओर, मामले को लेकर प्रधान पाठक संजीव कुमार जायसवाल ने मीडिया को बताया कि उन्होंने छात्र की पिटाई की है, लेकिन उनके अनुसार छात्र के सिर पर डंडे से चोट नहीं लगी है।
हालांकि, बच्चे के सिर में गंभीर चोट और खून बहने के निशान मौजूद थे।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर परिजनों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
नोट: खबर में शामिल सभी बच्चों के विज़ुअल और बाइट को सुरक्षा कारणों से ब्लर किया गया है
