रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
रायगढ़।आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा पान ठेलों और दुकानों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पान ठेलों पर “गोगो” नामक नशे की सामग्री सहित अन्य मादक पदार्थ बेचते पाए जाने पर कुल 35 दुकानदारों के विरुद्ध जुर्माना एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। यह अभियान कोतवाली, चक्रधरनगर, कोतरारोड, जूटमिल, पुसौर, तमनार एवं लैलूंगा थाना क्षेत्रों में चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के नेतृत्व में थाना प्रभारियों की टीम ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर दुकानों, अड्डेबाजी स्थलों और पान ठेलों की जांच की। गोगो जैसी नशीली सामग्री बेचने वालों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा अर्थदंड लगाया गया, वहीं पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर सख्त समझाइश दी।
कोतवाली थाना क्षेत्र में 6, चक्रधरनगर में 4, कोतरारोड में 6, पुसौर में 4, तमनार में 5, लैलूंगा में 5 तथा जूटमिल थाना क्षेत्र में 5 दुकानदारों पर कार्रवाई की गई।

एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की नशे की सामग्री की अवैध बिक्री, वितरण या सेवन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधितों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की।
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से दूर रहें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना में दें, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
