रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350

रायगढ़। जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धरमजयगढ़ क्षेत्र में बीती रात स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मवेशियों से लदे एक ट्रक का पीछा करते हुए घेराबंदी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान तस्कर ट्रक और बाइक मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मवेशियों को ट्रक में लोड कर ले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया।

छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कीदा से पुरुंगा के बीच पुलिस और डायल-112 की टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस की घेराबंदी से खुद को घिरता देख तस्कर वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले। तलाशी के दौरान पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 को बरामद किया। इसके अलावा मौके से पल्सर बाइक क्रमांक CG 13 BE 0803 भी पुलिस के हाथ लगी है।

अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हुए तस्कर
पुलिस की टीम और डायल-112 की घेराबंदी के बीच तस्करों ने भागने की कोशिश की। रात और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। हालांकि पुलिस ने उनके दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस
पुलिस अब बरामद वाहनों के आधार पर मवेशी तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है। वाहनों के दस्तावेज, मालिकों की जानकारी और तस्करी के संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।

क्या कहते हैं~एसएसपी शशि मोहन सिंह
👇👇👇
मवेशी तस्करी के फरार आरोपियों की तलाश जारी है।अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है।