


रायगढ़। हाल में आ रहे कोविड केसेस को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए, जिन घरों से कोविड पॉजिटिव मरीज मिल रहे है उसे कंटेनमेंट जोन बनाया जाए। घर के बाहर मार्किंग के साथ ही बेरीकेडिंग करें। मरीजों की कांटेक्ट टे्रसिंग कर सेम्पलिंग व टेस्टिंग करें। उक्त बातें कलेक्टर भीम सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि कोविड की संभावित तीसरी लहर व नये ओमिक्रान वेरियेंट को लेकर पूरी सावधानी रखी जाए। अभी कोविड के कम मामले है, संक्रमितों के कांटेक्ट से ही केसेस निकल रहे है। ऐसे में पूरी गंभीरता के साथ कंटेनमेंट प्रोटोकाल का पालन किया जाए, जिससे कोविड संक्रमण को शुरूआत में ही रोका जा सके। इसके लिए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सहित अन्य सभी विभागों के साथ समन्वय करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए।कलेक्टर सिंह ने जिला चिकित्सालय में सोनोग्राफी व सिटी स्केन जांच के संबंध में डीन मेडिकल कालेज व अधीक्षक जिला अस्पताल से चर्चा की। उन्होंने रेडियोलॉजिस्ट चिकित्सक के लिए बरमकेला में पदस्थ चिकित्सक की पदस्थापना जिला चिकित्सालय में करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में हाट-बाजार योजना की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विकास खण्डवार प्रति हाट-बाजार आ रहे मरीजों व उनको उपलब्ध करायी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी हाट-बाजार क्लीनिक को संबंधित बाजार के समय अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाट-बाजार में भेजे जाने के लिए डेडीकेटेड वाहन की खरीदी व ब्रांडिंग का काम इस माह के अंत तक पूरा करने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने इन क्लीनिक के संचालन में मरीजों के परीक्षण के लिए हाट-बाजार में शेड भी बनवाने के निर्देश दिए।कलेक्टर सिंह ने समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के साथ निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रजेन्टेशन के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में चल रहे निर्माण गतिविधियों की जानकारी ली। ज्ञात हो कि हाऊसिंग बोर्ड द्वारा जिले के विभिन्न अस्पतालों के उन्नयन व एनआरसी सेंटर से जुड़े निर्माण कार्य किए जा रहे है। इस संबंध में कार्यपालन अभियंता द्वारा सभी कार्यों की सिलसिलेवार जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर कड़ी नाराजगी जतायी और कहा कि स्वास्थ्य केन्द्रों के उन्नयन का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। इस दौरान उन्होंने जिले के अस्पतालों में किए जा रहे नवीन भवन निर्माण व अपग्रेडेशन, एनआरसी भवन के उन्नयन व निर्माण, हमर लैब,ब्लड बैंक निर्माण की विकासखण्डवार समीक्षा कर इन अस्पतालों के इंचार्ज अधिकारियों से भी काम की गुणवत्ता की जानकारी ली।