रायगढ़ शहर व जिले की छोटी-बड़ी खबरों के लिए संपर्क करें~98279-50350
✍️छाल से नीरज विश्वास की रिपोर्ट
रायगढ़।जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटी चौक-कोरबा मार्ग पर आज हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हाटी निवासी संतोष दास (25 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और दुर्घटना के विरोध में चक्काजाम कर दिया। बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की समझाइश तथा कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष दास किसी कार्य से घर से निकला था। इसी दौरान हाटी चौक-कोरबा मार्ग पर वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद छाल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। युवक की मौत से नाराज लोगों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और दोषी वाहन चालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा मृतक के परिवार को उचित सहायता देने की मांग करने लगे। चक्काजाम के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों का कहना है कि हाटी चौक-कोरबा मार्ग पर इन दिनों भारी वाहन लगातार तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। कई बार शिकायत और हादसों के बावजूद इन वाहनों की गति पर नियंत्रण नहीं लगाया गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि संतोष दास की मौत भी संभवतः ऐसे ही किसी तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी विशेष वाहन की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से चर्चा की। अधिकारियों ने अज्ञात वाहन की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी मांगों पर भी उचित पहल करने की बात कही। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

इधर, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषी वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फ्लाई ऐश एवं अन्य भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल युवक की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





